राँची में मुहर्रम जुलूस के दौरान खूनी संघर्ष: बिना लाइसेंस अखाड़ा निकालने से रोकने पर कमिटी के कोषाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, 10 नामजद सहित 60 पर प्राथमिकी दर्ज…

 

राँची।राजधानी के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित टैक्सी स्टैंड के पास मुहर्रम जुलूस के दौरान शम्स नौजवान कमिटी के कोषाध्यक्ष अबू अरसलान उर्फ चांद (निवासी- हाफिज चौक, हिंदपीढ़ी) पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद डेली मार्केट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदपीढ़ी के बंशी चौक निवासी आसिफ उर्फ सैमी, मासूम, नौशाद उर्फ राजू, फैज, मेराज उर्फ चदरा, साबिर, जीशान, फिरोज, गुड्डू और इस्लाम उर्फ खलीफा समेत 10 नामजद और 50-60 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

बिना लाइसेंस नया रूट निकालने का विरोध करने पर किया हमला

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 27 जून की रात करीब 10 बजे की है। शम्स नौजवान कमिटी का पारंपरिक मुहर्रम जुलूस जैसे ही डेली मार्केट टैक्सी स्टैंड के पास पहुंचा, तभी एकता नौजवान कमिटी से जुड़े आरोपी अपने दर्जनों समर्थकों के साथ वहां आ धमके।आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घातक हथियारों से अचानक हमला बोल दिया।इस हमले में अबू अरसलान के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आयी हैं।अखाड़े के अन्य सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिससे मौके पर कोई बड़ा हादसा टल गया।

शिकायत में स्पष्ट आरोप लगाया गया है कि एकता नौजवान कमिटी के पास मुहर्रम जुलूस निकालने का न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही कोई सरकारी अनुमति। प्रशासन द्वारा नया रूट और लाइसेंस नहीं दिए जाने से नाराज होकर आरोपियों ने माहौल बिगाड़ने और वैध जुलूस को बाधित करने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया।

केस वापस लेने के लिए रात के 2 बजे फोन पर मिली धमकी

पीड़ित अबू अरसलान ने पुलिस को बताया कि इस हिंसक झड़प के बाद 28 जून की रात करीब दो बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया।फोन करने वाले ने केस वापस लेने और पुलिस कार्रवाई से दूर रहने की धमकी दी।धमकी देने वाले ने खुद की राजनीतिक और प्रशासनिक पकड़ ऊपर तक होने का दावा करते हुए शिकायत वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, इलाके में पुलिस बल तैनात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डेली मार्केट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर वैज्ञानिक और तकनीकी स्तर पर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिंदपीढ़ी और बंशी चौक समेत कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, मुहर्रम के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

error: Content is protected !!