सेक्स रैकेट मामला:तीनों होटल के मैनेजर सहित 6 गिरफ्तार,भेजा जेल, होटल मालिक सहित एक दर्जन पर मामला दर्ज….दलाल ‘फुजैल’ बन गया था ‘रूपेश’,होटल में पहचान बदलकर करवा रहा था गंदा काम…
गढ़वा। झारखण्ड में गढ़वा के नामचीन होटलों में चल रहे ‘अनैतिक देह व्यापार’ के सिंडिकेट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने पहचान छिपाकर रहने वाले युवक और होटल मैनेजर समेत 6 लोगों को जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार होटल ‘तिवारी इन’ में ऊंचरी निवासी फुजैल रहमान अपनी असली पहचान छिपाकर ‘रूपेश साह’ के नाम से रह रहा था। पुलिस ने उसे धर दबोचा और धोखाधड़ी व अनैतिक कार्य के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने होटल एस एनसी के मैनेजर सोरख पासवान, होटल आरडीएस के मैनेजर मनोज कुमार सहित ग्राहक अफरीदी आलम, आशुतोष कुमार, धर्मेंद्र कुमार और विकास कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।यूपी के दुद्धी निवासी आशुतोष के पास से पुलिस ने कई आपत्तिजनक फोटो और संदिग्ध सामग्री बरामद की है, जो इस रैकेट की गहराई को बयां कर रही।पुलिस ने केवल मैनेजरों पर ही नहीं, बल्कि होटल एस एन सी होटल आरडीएस और होटल तिवारी इन के मालिकों और संचालकों सहित 12 नामजद लोगों पर केस दर्ज किया है।
सोमवार को एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में हुई औचक छापेमारी में इन तीन होटलों को सील किया गया था।जांच में पाया गया कि होटल संचालक बिना किसी आईडी प्रूफ के और नियमों को ताक पर रखकर कमरा आवंटित कर रहे थे।
एसपी अमन कुमार ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा गढ़वा में सामाजिक मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। 6 लोग जेल जा चुके हैं, और इस सिंडिकेट के बाकी चेहरों की पहचान की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान मिली नाबालिग लड़कियों को उनके परिजनों को बुलाकर सुरक्षित सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन शहरों से जुड़े हैं।

