Ranchi: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार महिला को रौंदा, मौत
राँची।जिले के राँची-मुरी मुख्य सड़क पर अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित बरवादाग के समीप रविवार की दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई।इस हादसे में स्कूटी पर सवार एक 49 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मुन्नी उरांव के रूप में की गई है, जो मूल रूप से सिल्ली की रहने वाली थीं।इस घटना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार और क्षतिग्रस्त स्कूटी दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्नी उरांव वर्तमान में खेलगांव के पास महुआटोली, होटवार स्थित अपने घर में रह रही थीं। रविवार को वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने पैतृक गांव खपचाबेड़ा, सिल्ली जा रही थीं। इस दौरान जैसे ही वह अनगड़ा के बरवादाग के पास पहुंचीं, विपरीत दिशा से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक कार (पंजीकरण संख्या-JH 05 BZ 2078) ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और मुन्नी उरांव हवा में उछलते हुए सड़क पर दूर जा गिरीं, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और वहां से गुजर रहे आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ घायल महिला को उठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी मेसो अस्पताल, जोन्हा पहुंचाया।वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अनगड़ा रेफर कर दिया।हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी।सीएचसी अनगड़ा लाते ही डॉक्टरों ने महिला को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

