राँची में पुल के नीचे मिली लाश, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस..
–जगरनाथपुर मंदिर के पीछे पुल के नीचे मिला एक व्यक्ति का शव,जांच में जुटी पुलिस..
राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रसिद्ध जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे स्थित पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।मृतक धुर्वा इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों की नजर पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी। घटना की सूचना तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि कहीं व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां लाकर तो नहीं फेंका गया।

मौके पर पार्षद परमेश्वर सिंह जानकारी देते हुए
वहीं स्थानीय पार्षद परमेश्वर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। वे धुर्वा पानी टंकी स्थित महावीर मंदिर के समीप के निवासी थे। उन्होंने कहा कि यह हत्या का मामला है या फिर कोई हादसा, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।पार्षद ने बताया कि सुबह स्थानीय लोगों से उन्हें शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और धुर्वा पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
वहीं, कुछ लोग इसे हादसे की आशंका से भी जोड़कर देख रहे हैं। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।सूचना मिलने के बाद मौके पर मृतक के परिजन पहुँच गए हैं।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

