राँची: कांटाटोली-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के लिए बड़ी कार्रवाई, ऑक्सफोर्ड स्कूल की बाउंड्री पर चला बुलडोजर
राँची। राजधानी राँची में फ्लाईओवर निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण और निर्माण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कांटाटोली फ्लाईओवर को सिरमटोली फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे कनेक्टिंग फ्लाईओवर के रास्ते में आ रहे ऑक्सफोर्ड स्कूल की बाउंड्री और जेनरेटर रूम को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संबंधित हिस्सा नहीं हटाए जाने के बाद की गई।
कार्रवाई के दौरान शहर अंचल के अंचल अधिकारी (सीओ) शिव शंकर पांडेय मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। वहीं, चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से बाउंड्री और जेनरेटर रूम को हटाया गया।
प्रशासन के अनुसार, कांटाटोली से सिरमटोली फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे कनेक्टिंग फ्लाईओवर की जद में ऑक्सफोर्ड स्कूल का कुछ हिस्सा आ रहा था। फ्लाईओवर निर्माण के लिए संबंधित जमीन का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद जमीन मालिक को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित हिस्से को नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
शहर अंचल सीओ शिव शंकर पांडेय ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के लिए स्कूल की जमीन का कुछ हिस्सा आवश्यक था। इस संबंध में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई थी और संबंधित पक्ष को पहले ही नोटिस दिया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही निर्माण को हटाया गया है।
कांटाटोली से सिरमटोली तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर
दरअसल, राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से कांटाटोली फ्लाईओवर को सिरमटोली फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से दोनों फ्लाईओवर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और शहर के यातायात को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा रहा है। इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण अगले कुछ महीनों में पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके चालू होने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही राजधानी की यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की संभावना है।फिलहाल, ऑक्सफोर्ड स्कूल की बाउंड्री और जेनरेटर रूम को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद फ्लाईओवर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

