साहिबगंज में ड्यूटी के दौरान हादसा, ट्रेन का वैक्यूम ठीक करने उतरे CISF जवान की मौत; अस्पताल में तोड़ा दम
साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले में फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन पर ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में CISF के 47 वर्षीय जवान अशोक कुमार घड़ेई की मौत हो गई। रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान ट्रेन का वैक्यूम ठीक करने के लिए उतरे जवान हादसे का शिकार हो गए। ट्रेन के पहिए के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद CISF जवानों और विभागीय कर्मियों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के चुटिया और कुंवरपुर के बीच फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन पर यह दुर्घटना हुई। CISF जवान अशोक कुमार घड़ेई एनटीपीसी फरक्का में तैनात थे। वह अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान ट्रेन का वैक्यूम ठीक करने के लिए नीचे उतरे।वैक्यूम ठीक करने के क्रम में वह ट्रेन के पहिए के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद CISF कमांडेंट ने साहिबगंज के एसपी अमित कुमार सिंह को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर रांगा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल जवान को बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अशोक कुमार घड़ेई मूल रूप से ओडिशा के श्री अरविंद नगर के निवासी बताए गए हैं। वह वर्तमान में एनटीपीसी फरक्का में CISF जवान के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे में उनकी मौत से सहकर्मियों के बीच शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। ड्यूटी के दौरान हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर रेल परिचालन से जुड़े कार्यों में सुरक्षा की अहमियत को सामने ला दिया है।

