सरकारी शिक्षक बनने की खुशी में निकला था परिवार, हादसे ने छीन लीं 13 जिंदगियां; सात एंबुलेंस से गांव भेजे गए शव

 

नालंदा/रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पैंकी फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के नालंदा जिले के दो गांवों को गहरे सदमे में डाल दिया है। रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने निकले दो परिवारों की खुशियां रास्ते में ही उजड़ गईं। हादसे में नालंदा के जंघारो और कड़ाह डीह गांव के कुल 13 लोगों की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी 13 शवों को सात एंबुलेंस के माध्यम से नालंदा भेजा गया। एक साथ इतने शव गांव पहुंचने की खबर से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की सूचना रविवार तड़के करीब तीन से पांच बजे के बीच परिजनों को मिली। इसके बाद नालंदा के अलग-अलग गांवों से रिश्तेदार रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने पत्नी और बच्चों को। कई परिवारों के लिए यह हादसा जिंदगी भर का दर्द बन गया है।

पत्नी के सरकारी शिक्षक बनने की खुशी में रजरप्पा जा रहा था पूरा परिवार

नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव निवासी विवेकानंद प्रसाद (40) अपनी पत्नी अमृता देवी (35) के सरकारी शिक्षक बनने की मनोकामना पूरी होने पर मां छिन्नमस्तिका के दरबार में पूजा करने जा रहे थे। इस धार्मिक यात्रा में उनके साथ परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी शामिल थे।

किसी ने सोचा भी नहीं था कि जिस खुशी को मनाने के लिए पूरा परिवार निकला है, वही यात्रा इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी। हादसे में विवेकानंद प्रसाद, उनकी पत्नी अमृता देवी, बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटा शुभम आर्यन (12), मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन कुमार (22), सिंटू कुमार (25), राजेश कुमार (23), बहन किरण कुमारी, किरण के दो बच्चे, जीजा और वाहन चालक नंदन कुमार की मौत हो गई।

विवेकानंद प्रसाद मूल रूप से सारिल चक गांव के रहने वाले थे। वह अपने ननिहाल में रहकर पिछले करीब 11 वर्षों से निजी विद्यालय चला रहे थे। उनके स्कूल में लगभग 500 बच्चे पढ़ते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अपनी मेहनत से अलग पहचान बनाई थी। लेकिन एक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।

टोटो चलाकर परिवार पालते थे मुकेश, पत्नी थीं कंप्यूटर ऑपरेटर

हादसे में नालंदा के सिलाव थाना क्षेत्र स्थित कड़ाह डीह गांव के एक और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां के निवासी मुकेश कुमार मेहता (39), उनकी पत्नी किरण देवी (30), बेटा साहिल कुमार (10) और बेटी वैष्णवी कुमारी (5) की भी हादसे में मौत हो गई।

मुकेश कुमार टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि उनकी पत्नी सिलाव नगर पंचायत में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थीं। दोनों अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहे थे। परिवार के साथ रजरप्पा में पूजा-अर्चना करने की योजना थी, लेकिन हादसे ने चारों की जिंदगी छीन ली।

मुकेश दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई बब्लू मेहता सिलाव बाजार में फल बेचते हैं, जबकि पिता सुरेंद्र मेहता किसान हैं। बेटे, बहू और पोते-पोतियों को एक साथ खोने के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, हादसे की खबर मिलने के बाद से वह बदहवास हैं।

पोस्टमार्टम के बाद सात एंबुलेंस से नालंदा भेजे गए शव

रामगढ़ सदर अस्पताल में रविवार को तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने 13 मृतकों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सभी शवों को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की गई। सात एंबुलेंस के माध्यम से शवों को नालंदा भेजा गया, ताकि परिजन अपने गांव में अंतिम संस्कार कर सकें।

अस्पताल में शव लेने के लिए मृतकों के रिश्तेदार और परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे थे। चोर सुइया गांव से पहुंचीं अमृता देवी की मां मिंता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटी समेत परिवार के कई सदस्यों को खोने का सदमा उनके लिए असहनीय था।

डीसी और एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा

हादसे की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत समेत अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी नालंदा के बेन थाना प्रभारी को भी दी।

प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. स्वराज के अनुसार, तीन सदस्यीय चिकित्सकीय दल की निगरानी में सभी 13 शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें डॉ. उदय श्रीवास्तव, डॉ. राहुल बरेलिया और डॉ. आलोक कुमार शामिल थे। रामगढ़ सदर एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने सरकारी दंडाधिकारी के रूप में पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।

बिहार के मंत्री श्रवण कुमार और नीतीश कुमार ने भी ली जानकारी

हादसे की खबर बिहार तक पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवारों की सुध ली। रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे पैक्स अध्यक्ष जीतू कुशवाहा के मोबाइल पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने फोन कर हादसे की जानकारी ली। इसके बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी फोन कर मृतकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पैंकी फोरलेन पर 10 घंटे में दो हादसे, 15 लोगों की मौत

रामगढ़ के पैंकी फोरलेन पर करीब 10 घंटे के अंतराल में दो बड़े सड़क हादसे हुए। पहली घटना 28 नवंबर की शाम हुई, जिसमें ट्रेलर की चपेट में आने से अरुण ओहदार और उनकी नौ वर्षीय बेटी मिस्टी कुमारी की मौत हो गई थी। दोनों बाइक से कॉपी खरीदने जा रहे थे।

वहीं, दूसरी घटना रात करीब 1:30 बजे हुई, जब रजरप्पा जा रही स्कॉर्पियो की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। दोनों दुर्घटनाओं को मिलाकर कुल 15 लोगों की मौत हुई है।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

जिस घर में बच्चों की हंसी गूंजती थी, जहां नई नौकरी की खुशी में मंदिर दर्शन की तैयारी थी, वहां अब अपनों के अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही है। सात एंबुलेंस में भरकर नालंदा लौट रहे 13 शव इस हादसे की भयावहता और दो गांवों के उजड़ चुके परिवारों का दर्द बयां कर रहे हैं।

error: Content is protected !!