दहेज में थार मांगना पड़ा भारी, लड़की वालों ने खिलौना कार थमाकर तोड़ा रिश्ता; दहेज लोभियों को दिया करारा जवाब
डेस्क/मेरठ।शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लालच और दहेज की सौदेबाजी में बदलने वालों के लिए उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो समाज को आईना दिखाने के साथ-साथ दहेज लोभियों को कड़ा संदेश भी दे रहा है। शादी से पहले दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के परिवार के सामने दहेज में महंगी थार गाड़ी देने की मांग रख दी। लड़की के पिता ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लड़के वाले अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो उन्होंने भी ऐसा जवाब दिया, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
लड़की वालों ने दहेज में थार तो दी, लेकिन असली नहीं, बल्कि प्लास्टिक की खिलौना थार कार। इसके बाद लड़की के पिता ने साफ शब्दों में रिश्ता तोड़ते हुए दूल्हे पक्ष को अपने घर लौट जाने को कह दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग लड़की के पिता के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं और इसे दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत संदेश बता रहे हैं।
पांच महीने पहले तय हुआ था रिश्ता, सगाई में भी दिया था दहेज
जानकारी के अनुसार, मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव का है। यहां रहने वाले शमशेर के बेटे का रिश्ता करीब पांच महीने पहले मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी बब्बर की बेटी से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के दौरान दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। सगाई के समय लड़की पक्ष की ओर से दहेज का सामान और एक लाख रुपये भी दिए गए थे। दोनों परिवारों को उम्मीद थी कि जल्द ही शादी की रस्में पूरी होंगी और बेटी नए जीवन की शुरुआत करेगी।लेकिन शादी की तैयारियों के बीच दूल्हे पक्ष की ओर से ऐसी मांग रख दी गई, जिसने पूरे रिश्ते पर सवाल खड़ा कर दिया।
जमीन बेचने की जानकारी मिलते ही थार की मांग पर अड़े लड़के वाले
बताया जा रहा है कि लड़की के पिता बब्बर ने करीब एक महीने पहले अपनी जमीन बेची थी। जब इस बात की जानकारी लड़के वालों को मिली तो उन्होंने दहेज में महंगी थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी। लड़की के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति और पहले से दिए गए दहेज का हवाला देते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि लड़के वाले थार गाड़ी की मांग पर अड़े रहे।
एक तरफ बेटी की शादी और दूसरी तरफ दहेज के नाम पर लगातार बढ़ती मांग। आखिरकार लड़की के पिता ने इस लालच के आगे झुकने के बजाय ऐसा कदम उठाने का फैसला किया, जिसने दहेज मांगने वालों को असहज कर दिया।
लाल खत की रस्म के बहाने बुलाया, सुबह से रात तक कराया इंतजार
जब बातचीत से कोई रास्ता नहीं निकला तो लड़की के पिता ने शनिवार को लड़के वालों को लाल खत की रस्म के बहाने अपने घर बुलाया। दूल्हे पक्ष के लोग सुबह ही लड़की वालों के घर पहुंच गए। उन्हें उम्मीद थी कि थार गाड़ी मिलने वाली है और उनकी मांग पूरी हो जाएगी।
लड़की के पिता के मुताबिक, लड़के पक्ष के लोगों को सुबह से लेकर रात करीब 10 बजे तक घर पर बैठाए रखा गया। इस दौरान उन्हें थार मिलने का इंतजार रहा। लेकिन जब खिलौने वाली थार उनके सामने लाई गई तो उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
लड़की के पिता ने दूल्हे के पिता को प्लास्टिक की खिलौना थार कार थमाते हुए साफ शब्दों में कहा कि उन्हें इंसान की जरूरत नहीं, बल्कि कार की जरूरत थी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले स्कॉर्पियो दी जा चुकी है, अब इसी थार से काम चला लीजिए और अपने घर जाइए, हम अपने घर रहेंगे।इसके साथ ही उन्होंने शादी का रिश्ता खत्म करने और सगाई तोड़ने का ऐलान कर दिया।
खिलौना थार देकर दिया दहेज लोभियों को जवाब, वीडियो वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो लड़की वालों ने बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में लड़की के पिता दूल्हे के पिता को खिलौना थार देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है।
सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग लड़की के पिता के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शादी कोई व्यापार नहीं है और दहेज के नाम पर लड़की के परिवार को आर्थिक दबाव में डालना बेहद गलत है। जब कोई परिवार अपनी बेटी का रिश्ता तय करता है तो वह सम्मान, विश्वास और अच्छे भविष्य की उम्मीद करता है, न कि महंगी गाड़ियों की मांग पूरी करने के लिए।
दहेज प्रथा पर करारा तमाचा, आखिर कब बदलेगी समाज की सोच?
यह घटना केवल मेरठ के एक परिवार या एक टूटे हुए रिश्ते की कहानी नहीं है, बल्कि उस मानसिकता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है, जिसमें शादी को दो परिवारों के मिलन के बजाय लेन-देन और आर्थिक हैसियत का जरिया बना दिया जाता है।
दहेज प्रथा के कारण आज भी कई परिवार बेटियों की शादी को लेकर आर्थिक और सामाजिक दबाव झेलते हैं। कहीं नकदी की मांग होती है तो कहीं कार, मोटरसाइकिल, जमीन और महंगे सामान की। मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ने, लड़की को प्रताड़ित करने और परिवार को अपमानित करने जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
ऐसे माहौल में मेरठ के इस परिवार का कदम एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देता है कि बेटी की शादी के लिए उसके माता-पिता को किसी के लालच के सामने झुकने की जरूरत नहीं है। रिश्ता बराबरी, सम्मान और आपसी विश्वास से बनता है, महंगी गाड़ियों और दहेज के सामान से नहीं।
दहेज लेने और देने की मानसिकता को समाज से खत्म करने की जिम्मेदारी केवल कानून या प्रशासन की नहीं, बल्कि हर परिवार की भी है। जब तक परिवार खुद दहेज के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तब तक इस कुरीति पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल होगा।
मेरठ के इस मामले में लड़की के पिता ने खिलौना थार देकर जो संदेश दिया, उसका असली अर्थ यही है कि बेटी कोई सौदे का सामान नहीं और शादी कोई व्यापार नहीं। रिश्ते लालच से नहीं, सम्मान और संस्कार से निभाए जाते हैं।

