दिनदहाड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन राउंड गोलियां चलाकर अपराधियों ने मचाई दहशत;घायल की हालत नाजुक, एक आरोपी गिरफ्तार

 

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली में अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गोलीबारी में फैयाज आलम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली फैयाज आलम को लग गई। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

चार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, एक पुलिस गिरफ्त में

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस गोलीकांड को चार बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

पुलिस की टीम फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किस वजह से फैयाज आलम को निशाना बनाया और इस घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश या आपसी विवाद तो नहीं है।

गोलीकांड के पीछे की वजह अब भी रहस्य

फिलहाल फैयाज आलम पर हुए इस जानलेवा हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घायल युवक का बयान और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जांच की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकती है।

कपाली जैसे इलाके में तीन राउंड फायरिंग कर युवक को गोली मारने की इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ गोलीकांड की पूरी साजिश और इसके पीछे की वजह का खुलासा करने की चुनौती है।

error: Content is protected !!