राँची में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की दर्दनाक मौत, दोनों को कुचलकर अज्ञात वाहन फरार
राँची। राजधानी राँची में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा पंडरा ओपी क्षेत्र के बाजरा स्थित देवकमल हॉस्पिटल के समीप इटकी रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार होकर दोनों युवक कहीं जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उसके बाद वाहन ने कुचलते हुए भाग गया।जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे हादसे में दोनों युवकों के सिर बुरी तरह कुचला गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय सड़क हादसे की खबर फैलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे। हादसे की भयावहता को देखते हुए लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों की पहचान और हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक/स्कुटी से जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

