झारखण्ड स्थापना दिवस पर पुलिस का शौर्य सम्मान: CM हेमंत सोरेन ने 43 पुलिस अधिकारियों-जवानों को वीरता और सराहनीय सेवा पदक से नवाजा, 8 IPS और दो DSP अधिकारी भी सम्मानित

 

राँची।झारखण्ड स्थापना दिवस और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्य के पुलिस महकमे में गौरव और सम्मान का माहौल रहा। शनिवार को राँची के खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस विभाग के 43 अधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता और सराहनीय सेवा पदक प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में आठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी और दो डीएसपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उनके योगदान को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया।         

इस अवसर पर 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता पदक तथा 30 अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वीरता पदक पाने वालों में आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह और राँची के एसएसपी राकेश रंजन जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। वहीं, सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईजी सीआईडी असीम विक्रांत मिंज, डीआईजी अनीश गुप्ता समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

वीरता पदक से सम्मानित हुए 13 पुलिस अधिकारी और जवान

वीरता पदक से सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह और राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन प्रमुख रूप से शामिल हैं। नरेंद्र कुमार सिंह पूर्व में डीआईजी हजारीबाग के पद पर कार्यरत थे, जबकि राकेश रंजन तत्कालीन एसपी चतरा के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इनके अलावा डीएसपी प्रकाश सोय और डीएसपी नीरज कुमार को भी वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। प्रकाश सोय वर्तमान में धनबाद में विधि-व्यवस्था डीएसपी के पद पर पदस्थापित हैं, जबकि नीरज कुमार राँची के हटिया में कार्यरत हैं।

इंस्पेक्टर श्रेणी में सनोज कुमार चौधरी को वीरता पदक प्रदान किया गया। वहीं, सब इंस्पेक्टर श्रेणी में राजीव कुमार, दिव्य प्रकाश, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता को सम्मानित किया गया।

इनमें राजीव कुमार वर्तमान में बोकारो, दिव्य प्रकाश हजारीबाग, सुभाष चंद्र लकड़ा पलामू, सोनू कुमार साहू गिरिडीह, शंकर प्रसाद कुशवाहा जमशेदपुर, राजबल्लभ कुमार हजारीबाग और शिवलाल गुप्ता रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं।आरक्षी श्रेणी में प्रकाश कुमार यादव को वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। वह चतरा जिले में पदस्थापित रहे हैं।

सराहनीय सेवा पदक पाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में कई IPS शामिल

सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों में आईजी सीआईडी असीम विक्रांत मिंज, डीआईजी अनीश गुप्ता, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान (नक्सल) दीपक कुमार शर्मा, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार और एआईजी-सह-डीजी के विशेष सहायक दीपक कुमार पांडेय शामिल हैं।

डीआईजी अनीश गुप्ता पूर्व में राँची डीआईजी के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इन सभी अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पदक प्रदान किया।

सब इंस्पेक्टर से लेकर ASI तक के पुलिसकर्मी सम्मानित

सराहनीय सेवा पदक पाने वाले अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों में प्राअनि (आशुलिपिक) मोहम्मद अरशद खां शामिल हैं। वहीं, सब इंस्पेक्टर श्रेणी में सुदामा सिंह, सुखराम उरांव, मुकुंद बानरा, असलेम फ्रांसिस सोय, बिहारी मरांडी और ईश्वरी सिंह को सम्मानित किया गया। इनमें कई अधिकारी एवं कर्मी झारखंड जगुआर में पदस्थापित हैं।

सहायक अवर निरीक्षक (ASI) श्रेणी में सुबोध कुमार, विनय पांडेय और बंधना उरांव को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। सुबोध कुमार पलामू जिले, विनय पांडेय गढ़वा जिला बल और बंधना उरांव झारखंड जगुआर में कार्यरत हैं।

झारखण्ड जगुआर के जवानों को भी मिला सम्मान

हवलदार श्रेणी में इसहाक डोडराय, प्रशांत महतो, रमाशंकर कुमार, अमित गुरुंग, एमानुएल टुडू, जारका कोरवा और भूषण शर्मा को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इनमें इसहाक डोडराय, रमाशंकर कुमार, अमित गुरुंग और एमानुएल टुडू झारखंड जगुआर में पदस्थापित हैं। वहीं, प्रशांत महतो गढ़वा, जारका कोरवा सिमडेगा और भूषण शर्मा चतरा जिले में कार्यरत हैं।इसी श्रेणी में हवलदार अंजुला कुजूर को भी सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। वह जैप-10 में पदस्थापित हैं।

महिला पुलिसकर्मियों सहित पांच सिपाहियों को भी मिला पदक

सराहनीय सेवा पदक पाने वाले सिपाही श्रेणी के कर्मियों में दुर्गा उरांव, कुंवर मुंडा, अजय सिंह, अनूपा कुमारी और सूर्य बहादुर धर्ता शामिल हैं। इनमें दुर्गा उरांव और कुंवर मुंडा खूंटी, अजय सिंह बोकारो जिले में पदस्थापित हैं। वहीं, अनूपा कुमारी जैप-10 और सूर्य बहादुर धर्ता जैप-1 में कार्यरत हैं।

पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण को मिला राज्यस्तरीय सम्मान

झारखण्ड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में 43 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को पदक प्रदान करना राज्य पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वीरता पदक से जहां चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान हुआ, वहीं सराहनीय सेवा पदक के जरिए लंबे समय से उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं जवानों के योगदान को पहचान मिली।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों मिला यह सम्मान पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने वाला है। राज्य सरकार ने इस सम्मान समारोह के माध्यम से झारखण्ड की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनता की सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों के समर्पण को सलाम किया।

 

error: Content is protected !!