रामगढ़ में रफ्तार का कहर: ट्रक ने पिता-बेटी को कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत; कॉपी खरीदने निकले थे, घर में पसरा मातम

 

रामगढ़।जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पैन्की चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पिता और उनकी महज 9 वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरुण ओहदार और उनकी बेटी मिस्टी के रूप में हुई है। जिस बेटी को पिता कॉपी-किताब दिलाने के लिए घर से लेकर निकले थे, वह रास्ते में ही जिंदगी की जंग हार गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, अरुण ओहदार अपनी 9 वर्षीय बेटी मिस्टी को लेकर कॉपी खरीदने के लिए किताब की दुकान जा रहे थे। दोनों घर से निकलकर पैन्की चौक के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान राँची की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक हजारीबाग की तरफ जा रहा था। बताया जाता है कि ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पिता और बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की जान चली गई।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों के पहुंचने तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। एक साथ पिता और मासूम बेटी की मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर फोरलेन सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय जेएलकेएम नेत्री रूपा महतो भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पिता अपनी बेटी की छोटी-सी जरूरत पूरी करने के लिए उसे कॉपी दिलाने निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा। जिस घर में बेटी की पढ़ाई और भविष्य के सपने सज रहे थे, वहां अब मातम पसरा है।स्थानीय लोग ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!