महज 20 रुपये के लिए कर दी हत्या..पत्थर से कुचलकर विक्षिप्त व्यक्ति को उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद खून लगा पत्थर लेकर शव के पास बैठा रहा आरोपी

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बरही थाना क्षेत्र के तिलैया रोड में महज 20 रुपये के विवाद में एक व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मामूली रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर एक युवक ने पत्थर से हमला कर व्यक्ति की जान ले ली। इस वारदात का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि खून लगा पत्थर लेकर मृतक के शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची बरही थाना पुलिस ने उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार,शनिवार-रविवार की आधी रात करीब एक बजे की है। बरही थाना क्षेत्र के तिलैया रोड स्थित बजाज शोरूम के पास एक व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही बरही थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा हुआ है और उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ है। वहीं, पास में ही एक युवक खून लगा पत्थर लेकर बैठा हुआ था। पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम गौतम कुमार (35 वर्ष), पिता महेंद्र प्रसाद, निवासी ओंदा थाना क्षेत्र, जिला नालंदा, बिहार बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक विक्षिप्त था। उसने उसे खाना खाने के लिए 20 रुपये दिए थे, लेकिन मृतक उससे और 20 रुपये मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार, मृतक के बार-बार पैसे मांगने और झगड़ा करने से उसे गुस्सा आ गया। इसके बाद उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

एक सप्ताह पहले ही नालंदा से आया था हजारीबाग

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी गौतम कुमार बरही में दैनिक मजदूरी का काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही बिहार के नालंदा जिले से हजारीबाग आया था। शनिवार की रात वह खाना खाने के लिए तिलैया रोड स्थित एक होटल गया था। इसी दौरान मृतक से उसका विवाद हुआ और देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर जब्त कर लिया है।

मृतक की अब तक नहीं हो सकी पहचान

इस घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और मांगकर अपना गुजारा करता था। वह इलाके में ही घूमता रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

रविवार को एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर की रात करीब एक बजे हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में पुअनि सुनील कुमार महतो, सअनि वसंत भगत, आरक्षी विजय कुमार और आरक्षी संजीत कुमार यादव शामिल थे।

 

error: Content is protected !!