राँची में शांतिपूर्ण संपन्न हुई दुर्गा पूजा, प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से कायम रहा सौहार्द; पंडालों में चला नशा मुक्ति अभियान

 

राँची। राजधानी राँची सहित पूरे जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्यता, श्रद्धा और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिला प्रशासन और पुलिस की व्यापक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न पूजा समितियों और आम नागरिकों के सहयोग से पूरे जिले में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी रही। इस दौरान पूजा पंडालों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाया गया।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा को लेकर व्यापक तैयारियाँ की थीं। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूजा की अवधि में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

पूजा पंडालों में दिया गया नशा मुक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से राँची जिले में नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों में नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों से संबंधित संदेशों वाले फ्लैक्स लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य लोगों को नशे की कुरीति से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना था।

सीसीटीवी से निगरानी, महिला पुलिस बल की भी तैनाती
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे थे। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई, जबकि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई थी।पंडालों और जुलूस मार्गों के आसपास सफाई, पेयजल की उपलब्धता तथा सड़कों की मरम्मत पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों और तालाबों पर स्थानीय गोताखोरों तथा एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस बल और यातायात पुलिस भी मुस्तैद रही।

ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटी रही पुलिस
दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़भाड़ वाले इलाकों और जुलूस मार्गों पर यातायात पुलिस तैनात रही। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

पूजा समितियों और सामाजिक संगठनों की अहम भूमिका
दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में शांति समितियों, दुर्गा पूजा समितियों, शांति सेवा समिति हिंदपीढ़ी, युवा दस्ता, झारखंड तंजीम, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी और सर्वधर्म सद्भावना समिति सहित विभिन्न संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आम नागरिकों के सहयोग से भी आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा।

राँची नगर निगम ने सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली, जबकि बिजली विभाग ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की। पथ निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत और आवागमन को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दिया। जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और मीडिया ने भी पूजा से संबंधित सूचनाओं के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उपायुक्त ने जताया आभार

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन पर सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, शांति समितियों, पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से राँची जिले में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं भव्यता के साथ संपन्न हुई है। उन्होंने शांति समितियों में महिलाओं की बेहतर भागीदारी को भी सराहनीय बताया।

जिला प्रशासन के अनुसार, सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और आम जनता के समन्वित प्रयासों से दुर्गा पूजा का आयोजन सफल रहा। प्रशासन ने इस आयोजन को धार्मिक उत्सव के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक बताया।

 

error: Content is protected !!