चतरा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माँ का साया, पति गिरफ्तार
चतरा। झारखण्ड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के बारिसाखी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की शादी वर्ष 2022 में बारिसाखी गांव निवासी बबलू कुमार, पिता इंद्रदेव साहू के साथ हुई थी। उसका मायका राजपुर थाना क्षेत्र के तुलबुल सरैया गांव में है। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी समेत दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर कई बार सामाजिक स्तर पर और पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने की कोशिश भी की गई।
बताया जाता है कि पंचायत में समझौते के बाद कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रहती थी, लेकिन कुछ समय बीतते ही कथित तौर पर फिर से प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए परेशान किया गया और आखिरकार जहर देकर उसकी जान ले ली गई।
घटना के बाद मृतका के पिता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से दिए गए लिखित आवेदन और लगाए गए आरोपों के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल, विवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और जहर देकर हत्या किए जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

