“बात करके मैनेज करो वरना अंजाम भुगतो”—फोरलेन प्रोजेक्ट को मिली धमकी से हड़कंप,जांच में जुटी है पुलिस…
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले से बड़ी खबर सामने आई है।करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी वाराणसी-राँची इकोनॉमिक कॉरिडोर परियोजना अब अपराधियों के निशाने पर आ गई है। कुख्यात राहुल सिंह गैंग ने सड़क निर्माण कर रही कंपनी से कथित तौर पर रंगदारी मांगी है और पैसे नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी है।सूत्रों के मुताबिक,NH-39 के कुडू से उदयपुरा बाइपास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान कंपनी के एक योजनाकर्मी के मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल सिंह बताते हुए लिखा-“पहले बात करके मैनेज करो, उसके बाद ही काम करना… नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।”इस धमकी भरे संदेश के बाद निर्माण एजेंसी और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि परियोजना स्थल पर कामकाज भी प्रभावित हुआ है।
यह सड़क परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा स्वीकृत है। करीब 810 करोड़ रुपये की लागत वाली यह योजना वाराणसी-राँची इकोनॉमिक कॉरिडोर का अहम हिस्सा मानी जाती है।
मामले की सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस सक्रिय हो गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और व्हाट्सएप मैसेज की जांच शुरू कर दी है।हालांकि, धमकी भरे संदेश में कितनी रकम की मांग की गई थी, इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है।

