खुशखबरी: भाजपा सांसद संजय सेठ के प्रयास ने लाया रंग, राँची में रेल नीर प्लांट के साथ साथ मिली कई योजनाओं की मंजूरी

राँची। झारखण्ड की राजधानी राँची में रेल नीर प्‍लांट लगेगा। चुटिया कतारी बगान और कृष्‍णापुरी में रेलवे फाटक बनेगा। रांची के सांसद संजय सेठ के प्रयास से इसकी मंजूरी मिल रही है।

श्री सेठ ने संसद में रेल की अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान कहा था कि रांची की कोयला खदानों में लाखों क्यूबिक पानी बेकार पड़ा रहता है। यहां पर रेल नीर प्लांट लगाकर पानी का उपयोग किया जा सकता है। लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए केतारी बगान और कृष्णापूरी चुटिया में ओवरब्रिज बनाने की मांग भी की थी। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर पिस्का- टांगर बंसली रेलवे स्टेशन के बीच (नगड़ी गेट) पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करने की मांग रखी थी। इसके पूर्व भी सांसद ने कई बार इन मांगों को सांसद में रखी थी। इस आलोक में केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इसकी मंजूरी दे दी।

रेल मंत्रालय द्वारा रेल नीर प्लांट की स्थापना के लिए मंजूरी देते हुए 6 मार्च 2020 को (आईआरसीटीसी) ने झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण को रेल नीर संयंत्र लगाने के लिए भूमि आवंटित करने का आदेश दिया है। केतारी बगान और कृष्णापूरी चुटिया में ओवरब्रिज बनाए जाने की मंजूरी प्रदान की गई है। इसका सर्वे कराया जा रहा है। राज्य सरकार की सहमति के बाद इसका निर्माण शुरू होगा। पिस्का-टांगर बंसली रेलवे स्टेशन के बीच नगड़ी गेट पर फ्लाईओवर की भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसका निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।