चतरा पुलिस की बड़ी कामयाबी:डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, बिहार के कुख्यात गैंग के 4 अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

 

​चतरा।झारखण्ड के चतरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हंटरगंज थाना क्षेत्र में लूट और डकैती की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही अंतर्राज्यीय गिरोह के चार शातिर अपराधियों को दबोच लिया है। पकड़े गए अपराधियों में तीन बिहार के गया जिले के रहने वाले कुख्यात बदमाश हैं, जबकि एक स्थानीय अपराधी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई स्पेशल टीम

​पुलिस अधीक्षक (एसपी), चतरा को 5 जून 2026 को एक गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गया जिले के कुछ कुख्यात अपराधी हंटरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम-डुमरिया स्कूल के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) श्री सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक त्वरित छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने बिना वक्त गंवाए डुमरिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कैंपस में घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से 4 अपराधियों को रंगे हाथों धर दबोचा।

गिरफ्तार अपराधियों का विवरण

​पकड़े गए अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गौतम कुमार (उम्र 22 वर्ष): पिता- हरेन्द्र पासवान, साकिन- बारा कलां, थाना- कोठी, जिला- गया (बिहार)।इस पर कोठी, इमामगंज, बांके बाजार और उत्पाद थाना में करीब 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। चिन्दु कुमार उर्फ गोरा पासवान (उम्र 20 वर्ष): पिता- जैदुन पासवान, साकिन- बड़का पिण्डरा, थाना- हंटरगंज, जिला- चतरा। इस पर हंटरगंज और अन्य थानों में लूट व आर्म्स एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं।​प्रवीण कुमार (उम्र 26 वर्ष): पिता- स्व. कृष्ण यादव, साकिन- जयगीर, थाना- बाराचट्टी, जिला- गया (बिहार),विकास मांझी उर्फ विकास (उम्र 42 वर्ष): पिता- स्व. कारू मांझी, साकिन- पतवास, थाना- फतेहपुर, जिला- गया (बिहार)। इस पर शेरघाटी और गुरूआ थाना में डकैती व लूट के 4 मामले दर्ज हैं।

​पुलिस ने अपराधियों के पास से निम्नलिखित अवैध सामान बरामद किया है:

​पिस्तौल: 02 पीस
​देशी कट्टा: 01 पीस
​जिंदा गोली: 04 पीस (02 पीस 7.65 mm और 02 पीस 8 mm)
​मोटरसाइकिल: 02 पीस (एक का नंबर BR02BL-7551 और दूसरी बिना नंबर प्लेट की)
​मोबाइल फोन: 02 पीस

पूछताछ में बड़ा खुलासा, भेजे गए जेल

​पुलिस की पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे हंटरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत किसी बड़े व्यवसायी या जगह पर बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने के इरादे से इकट्ठा हुए थे।
​इस मामले में हंटरगंज थाना कांड सं०- 88/26, दिनांक 05.06.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा- 26(4) एवं 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

​इस शानदार सफलता को अंजाम देने वाली टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के साथ हंटरगंज थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रभात कुमार, पु०अ०नि० नितेश कुमार प्रसाद, पु०अ०नि० वीर बहादुर सिंह और हंटरगंज थाना का सशस्त्र बल शामिल था।

error: Content is protected !!