Ranchi:खादगढ़ा बस स्टैंड से 20 लाख मूल्य के 10 किलो अफीम के साथ एक गिरफ्तार, खूंटी से लाया गया था,बनारस ले जाने की थी तैयारी

राँची।राजधानी राँची के कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड से लोअर बाजार थाना की पुलिस ने 20 लाख रुपए मूल्य के 10 किलो अफीम के साथ एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर का नाम गोविंद नाग है। वह मूल रूप से खूंटी के तारासिलादोन का रहने वाला है। शनिवार की सुबह खादगढ़ा टीओपी में पदस्थापित एएसआई मंटू सिंह को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग का बैग में अफीम लेकर बनारस के बस का इंतजार कर रहा है। इसी सूचना पर मंटू सिंह ने खोजबीन शुरू की। खादगढ़ा के टर्मिनल 15 व 16 के सामने जैसे ही वे पहुंचे वहां खड़ा एक व्यक्ति भागने लगा। एएसआई व पुलिस जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ा। इसके बाद इसकी सूचना डीएसपी सिटी दीपक कुमार को दी गई। सिटी डीएसपी दीपक कुमार और लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने जब उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम गोविंद नाग बताया। उसने कहा कि वह खूंटी से अफीम लेकर आ रहा है। उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 10 पैकेट में रखा गीला अफीम मिला। जिसका वजह करीब 10 किलो था। बरामद अफीम की बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। उसने बताया कि अफीम खूंटी से ही उसने लिया था, उसे बनारस पहुंचाना था। बनारस में किसे अफीम पहुंचाना था पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है ताकि अफीम तस्करों के सिंडिकेट का खुलासा हो सके।