फिल्मी स्टाइल में लूटकांड का खुलासा:लूटी गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर फर्राटा भर रहे थे बदमाश,थाना प्रभारी की टीम ने खेल कर दिया खत्म

 

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में गृहरक्षक से हुई सनसनीखेज स्कूटी लूटकांड का पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पर्दाफाश कर दिया है। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में गठित टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर 12 दिनों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बीते 25 मई की रात (रेलवे कॉलोनी) पंचवटी चौक के पास दो बदमाशों ने गृहरक्षक गणेश राम पर चाकू से हमला कर उनकी स्कूटी लूट ली थी और उन्हें सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने सुखेदव गंझू और अभिषेक मुण्डा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अपराधियों ने स्कूटी को मॉडिफाई कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।

थाना प्रभारी पूनम कुजूर और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई से चर्चित लूटकांड का सफल उद्भेदन हो गया, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस कांड का खुलासा करना पुलिस के लिए आसान नहीं था। अपराधियों तक पहुंचने के लिए थाना प्रभारी पूनम कुजूर के नेतृत्व में पुलिस टीम को तुपुदाना और बुंडू इलाके में लगातार चार-पांच दिनों तक कैंप करना पड़ा। लंबी निगरानी, तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार दोनों अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ सके।

बताया जाता है कि घटना के बाद अपराधियों ने लूटी गई स्कूटी को जंगल में छिपा दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। वारदात के बाद दोनों आरोपी उन रास्तों से भागे जहां CCTV कैमरे नहीं लगे थे और गलियों-मोहल्लों के रास्ते का इस्तेमाल किया। हालांकि बुंडू से राँची आने के दौरान रात में दोनों मुंह ढंककर शहर में दाखिल हुए, तभी उनका फुटेज पुलिस के हाथ लग गया।

सूत्रों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और लोकेशन तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज की पड़ताल में पता चला कि दोनों अपराधी पहले पैदल बुंडू से तुपुदाना पहुंचे और वहां से होते हुए राँची रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित पंचवटी चौक के पास पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड जवान गणेश राम स्कूटी से वहां से गुजर रहे थे। अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए उन पर चाकू से हमला कर स्कूटी लूट ली और फरार हो गए।

 

 

error: Content is protected !!