Ranchi:जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमला,आरोपी गिरफ्तार
राँची।जमीन विवाद को लेकर नामकुम थाना क्षेत्र के लावाडीह गांव में एक महिला पर ईंट से जानलेवा हमला किया गया। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये पूरा मामला नामकुम थाना क्षेत्र का है।यहां रहने वाली प्रियंका कुजूर नाम की महिला अपने पुश्तैनी जमीन पर निर्माण कार्य कर रही थी। इसी दौरान रवि कुजूर ने महिला पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला प्रियंका कुजूर का इलाज राँची के सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों ने बताया कि प्रियंका अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रही थी। जहां पिछले लगभग 40 वर्षों से बाउंड्री वॉल और मकान मौजूद है। इसके बावजूद आरोपी ने जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए हमला कर दिया।प्रियंका की बहन ने बताया कि अब तक इस जमीन को लेकर कभी कोई विवाद नहीं हुआ था। लेकिन अचानक रवि कुजूर ने ईंट से वार कर प्रियंका को बुरी तरह घायल कर दिया।रवि के द्वारा हंगामा करने की वजह से प्रियंका के परिजनों ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया था।इसी दौरान ईंट से हमले का वीडियो में मोबाइल में कैद हो गया।
जमीन विवाद में मारपीट के बाद प्रियंका के परिजनों ने ग्रामीण एसपी को मामले से अवगत कराया।जिसके बाद नामकुम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह मामला जमीन विवाद का प्रतीत होता है।दोनों पक्षों के बीच हंगामा और मारपीट हुई थी,जिसमें आरोपी ने ईंट से वार कर महिला को घायल कर दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस अब पूरे विवाद की तहकीकात कर रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी जारी है।

