ATS की पूछताछ के बाद घर लौटा युवक, अगले दिन खा लिया जहर! मौत से मचा हड़कंप, परिजनों का आरोप- धमकी से दहशत में था युवक..
डेस्क/रामपुर। एटीएस की पूछताछ, कथित धमकी और फिर अगले ही दिन एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत! उत्तर प्रदेश के रामपुर में 24 वर्षीय आसिफ अली की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि मुरादाबाद से आई एटीएस की टीम पूछताछ के लिए आसिफ को अपने साथ ले गई थी। शाम को घर लौटने के बाद से ही वह बेहद घबराया हुआ और परेशान था। परिवार का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसे धमकाया गया था, जिसके बाद उसके मन में डर बैठ गया था।
मामला गांव गोविंदपुरा का है। यहां रहने वाले मुहम्मद अहमद की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में उनकी पत्नी भूरी और छह बच्चे हैं। तीसरे नंबर का बेटा 24 वर्षीय आसिफ अली राजस्थान के पाली इलाके में अपने भाइयों के साथ रहकर सिलाई का काम करता था। करीब एक सप्ताह पहले ही वह राजस्थान से अपने गांव लौटा था।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को मुरादाबाद की एटीएस टीम अचानक गांव पहुंची और आसिफ को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। शाम को पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। लेकिन घर लौटने के बाद आसिफ के व्यवहार में बदलाव नजर आने लगा। वह काफी परेशान और सहमा हुआ था। मां भूरी और चाचा अहमद हसन का आरोप है कि एटीएस की पूछताछ के दौरान उसे धमकाया गया था।
पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क की चर्चा, इसी एंगल से पूछताछ की बात
गांव में चर्चा है कि आसिफ का सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से संपर्क था। इसी कड़ी में एटीएस की टीम ने उससे पूछताछ की थी। हालांकि, परिजनों को अब तक यह जानकारी नहीं है कि आखिर किस मामले में उससे पूछताछ की गई और टीम उससे क्या जानना चाहती थी। इस पूरे मामले में एटीएस की ओर से पूछताछ के कारणों और कथित धमकी को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
सुबह खाया जहरीला पदार्थ, अस्पताल में तोड़ा दम
शुक्रवार की सुबह अचानक आसिफ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नगर के एसबीआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से मां भूरी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर स्वार पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के मुताबिक, युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

