#Lockdown2.0: गढ़वा में महुआ चुनने गई दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म

गढ़वा। गढ़वा जिला के केतार थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। केतार थाना क्षेत्र के एक गांव में महुआ चुनने गई दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दुष्कर्म करने के दोनों आरोपित भी नाबालिग हैं। घटना बुधवार की सुबह की है। दुष्कर्म की घटना के बाद दोनों पीड़िता ने घर आकर इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। इसके बाद उनके परिजन गुरुवार को केतार थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी। प्राथमिकी के बाद पुलिस ने दोनों पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है। साथ ही दोनों आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पीड़िता बुधवार की सुबह महुआ चुनने के लिए सोन नदी की तट की ओर गई थी। वहीं पर दोनों आरोपी पहुंच गए तथा दोनों नबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।