IIT-ISM धनबाद में सनसनी: हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के छात्र की मौत, पुलिस जांच में जुटी

 

धनबाद। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान IIT-ISM धनबाद में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना से हड़कंप मच गया। संस्थान के एक्वा मरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र प्रतीक राजकुमार माने की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। ऊंचाई से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को आनन-फानन में अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही संस्थान परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल छा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रतीक हॉस्टल के कमरे की बालकनी से नीचे सड़क पर गिरा था। यह सड़क सफायर हॉस्टल के सामने स्थित है। सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र किन परिस्थितियों में आठवीं मंजिल से नीचे गिरा। यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।

 

इस घटना के बाद हॉस्टल में उसके साथ रहने वाले छात्रों से मिली जानकारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सहपाठियों के अनुसार, प्रतीक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसकी स्थिति को देखते हुए परिजन पिछले महीने उसे अपने साथ घर ले गये थे। वह 25 अक्टूबर को ही वापस IIT-ISM लौटा था। हालांकि, उसे किस बात को लेकर तनाव था और क्या उसका इस घटना से कोई संबंध है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रख सकती है।

 

प्रतीक राजकुमार माने पढ़ाई में काफी मेधावी छात्र था। सहपाठियों के मुताबिक, पढ़ाई में उसका प्रदर्शन हमेशा बेहतर रहता था और उसके अंक आठ सीजीपीए से अधिक रहते थे। सबसे खास बात यह है कि उसने GATE-2026 की पेट्रोलियम इंजीनियरिंग परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-10 हासिल की थी। शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्र की अचानक मौत से उसके सहपाठी और संस्थान के छात्र गहरे सदमे में हैं। जिस छात्र के सामने उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं थीं, उसकी इस तरह असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद संस्थान के मुख्य सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर ने प्रतीक के पिता राजकुमार माने को इसकी जानकारी दी। धनबाद थाना पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब मोबाइल में मौजूद जानकारी, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

इधर, बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के अहमदपुर प्रखंड से परिजन धनबाद के लिए रवाना हो गये हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर सुबह-सुबह ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी, जिसमें छात्र आठवीं मंजिल से नीचे गिर गया। परिजनों के पहुंचने और पुलिस जांच आगे बढ़ने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

error: Content is protected !!