पहले दोस्ती, फिर बेहोशी और ठगी; रिटायर्ड रक्षा कर्मी के खाते से 77 हजार साफ
गुमला/राँची। सफर के दौरान अनजान लोगों पर भरोसा करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका ताजा उदाहरण गुमला के एक सेवानिवृत्त रक्षा कर्मी के साथ हुई ठगी की घटना से सामने आया है। शातिर अपराधियों ने पहले खुद को पीड़ित का हमवतन बताकर भरोसा जीता, फिर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया और उनके बैंक खातों से 77 हजार रुपये निकाल लिए।
मिली जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी एवं रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कर्मी सुनील बाखला निजी कार्य से राँची गए थे। काम खत्म करने के बाद वे खादगढ़ा बस स्टैंड से ऑटो के जरिए इटकी रोड स्थित आईटीआई बस स्टैंड पहुंचे। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जिसने बातचीत के क्रम में खुद को भी गुमला के करमटोली का निवासी बताया। होमटाउन का वास्ता देकर उसने सुनील का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद आरोपी बाजार से ‘स्लाइस’ की दो बोतलें लेकर आया। उसने एक बोतल खुद पी और दूसरी सुनील को दे दी। आरोप है कि पीड़ित को दी गई बोतल में पहले से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। कोल्ड ड्रिंक पीते ही सुनील की तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत अवस्था में पहुंच गए। किसी तरह वे बस पकड़कर गुमला स्थित अपने घर पहुंचे।
अगले दिन होश आने पर उन्हें पता चला कि उनका पर्स गायब है। पर्स में बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। इसके अगले दिन उनके मोबाइल पर खाते से लगातार पैसे निकाले जाने के संदेश आने लगे। जब उन्होंने बैंक पहुंचकर स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि दोनों खातों से कुल 77 हजार रुपये की निकासी की जा चुकी है।
पीड़ित के अनुसार,बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, पूरी रकम राँची के डोरंडा स्थित एक एटीएम से निकाली गई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत गुमला सदर थाना में दर्ज कराई है। हालांकि घटना राँची में होने के कारण उन्हें संबंधित थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच, एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने, दोषियों की गिरफ्तारी तथा ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सफर के दौरान अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने की चेतावनी को याद दिला दिया है।

