कोडरमा: युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका,पुलिस ने किया बरामद
कोडरमा। झारखण्ड के कोडरमा जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। डोमचांच थाना क्षेत्र के जौनपुर गांव में 30 वर्षीय पंकज चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में रिश्तेदारों ने उनकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया।
बताया जाता है कि पंकज चौधरी रात अपने झोपड़ीनुमा घर में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे पास के मकान की छत पर थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ रिश्तेदार घर पहुंचे और कथित रूप से पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने घर का सामान भी तोड़फोड़ कर बर्बाद कर दिया और पंकज को जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद से वह लापता हो गए।
सुबह जब पंकज का कोई पता नहीं चला तो उनकी पत्नी ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। गांव वालों ने खोजबीन शुरू की और दोपहर करीब 12 बजे घर के समीप स्थित एक कुएं से पंकज का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने सुनील, अनिल, जीतन समेत उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।ग्रामीणों के अनुसार, करीब 25 साल पहले पंकज के पिता अर्जुन चौधरी की मृत्यु के बाद उनकी मां उन्हें लेकर बिहार के रजौली स्थित मायके चली गई थीं। छह महीने पहले मां के निधन के बाद पंकज पत्नी और दो बच्चों के साथ पैतृक गांव लौटे थे। गांव लौटने के बाद से ही जमीन को लेकर हिस्सेदारों से उनका विवाद बढ़ गया था। विरोध के कारण वह पक्का मकान भी नहीं बना पाए और झोपड़ी में रहने को मजबूर थे।
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोडरमा जिले में एक सप्ताह के भीतर हत्या की यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

