क्रिकेट मैच में विवाद के बाद एसपी गार्ड पर पिस्टल तानी, तीन बार दबाया ट्रिगर,बाल-बाल बची जान
गुमला। झारखण्ड के गुमला शहर स्थित चेटर मैदान में शनिवार शाम क्रिकेट मैच के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात गार्ड बलजीत सिंह पर एक युवक ने पिस्टल तानकर कथित रूप से तीन बार ट्रिगर दबाया, लेकिन सौभाग्य से गोली नहीं चली। घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, एसपी कार्यालय में कार्यरत गार्ड बलजीत सिंह (27) शनिवार शाम करीब 6:15 बजे चेटर मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। मैच के दौरान विपक्षी टीम की ओर से अंपायरिंग कर रहे शिवा केरकेट्टा के साथ उनका मामूली विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में कहा, “हमको नहीं पहचानते हो” और कमर से पिस्टल निकाल ली।
आरोप है कि शिवा केरकेट्टा ने बलजीत सिंह पर पिस्टल तानकर लगातार तीन बार ट्रिगर दबाया। हालांकि पिस्टल से गोली नहीं चली, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। मौके पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, जमीन पर गिराकर उसके हाथ से पिस्टल छीन ली और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने आरोपी शिवा केरकेट्टा, निवासी चाहा चेटर, को गिरफ्तार कर लिया है।एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव और थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी के पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दूसरी कार्रवाई में अवैध हथियार के साथ युवक दबोचा गया
इधर, गुमला पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गश्ती दल ने तिर्रा बाइपास स्थित जोराग मोड़ के पास छापेमारी की।पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक नायक, निवासी जोराग गांव, बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई। साथ ही उसकी होंडा ड्रीम योगा बाइक (जेएच07ई-8603) भी जब्त कर ली गई।एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। गिरफ्तार युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

