Ranchi:महिला ने जहर खाकर की आत्महत्या,मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप,पुलिस छानबीन में जुटी है

राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में आदर्श नगर स्थित अपने घर में एक महिला शुक्रवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का नाम दीपशिखा सिंह है।बताया जा रहा है कि दीपशिखा सिंह पिछले कुछ माह से पारिवारिक परेशानी में थी। दीपशिखा ने अपनी परेशानियों की बात मायके वालों से भी बताई थी। इधर मायके वालों के अनुसार दीपशिखा को उसका पति अभय सिंह लगातार प्रताड़ित करता रहता था और पत्नी की कोई भी बात मानने से साफ इंकार कर देता था। पति अक्सर शराब के नशे में घर आता था जिससे पत्नी काफी परेशान हो चुकी थी। यही वजह है कि दीपशिखा ने अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के बिहार के आरा स्थित मायके वालों को दी। दीपशिखा सिंह के मौत की जानकारी मिलने के बाद मायके वालों ने मृतका के पति अभय सिंह समेत ससुराल के अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उसका पति समेत परिवार का अन्य लोग पिछले कई माह से दीपशिखा को तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहा था। काफी प्रताड़ना झेलने के बाद भी दीपशिखा अपने ससुराल से मायके जाने को तैयार नहीं थी जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। मृतका के मायके वालों द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।