इटकी के गीता देवी हत्याकांड में एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध संबंध था हत्या की वजह

राँची। इटकी थाना के गढ़गांव स्थित टीकराटोली में हुई गीता देवी उर्फ दुखनी देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सोमवार को एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अनिता देवी के पति का गीता देवी से अवैध संबंध था। इसलिए अनिता ने सुपारी देकर गीता की हत्या करवा दी थी। गीता का शव 8 फरवरी को बरामद किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में अनिता देवी समेत शशि कुमार साहू, सुनील साहू और अमर साहू का नाम शामिल है। इसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, एक मैगजीन, खून लगा चाकू, स्कूटी, एक खाली खोखा और एक जिन्दा गोली बरामद की है।

बेड़ो डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि अवैध संबंध के चक्कर में गीता देवी उर्फ दुखनी देवी की हत्या की गई थी। दुखनी का अनीता देवी के पति मुकेश साहू के साथ अवैध संबंध था। इसी वजह से अनिता देवी ने अमर साहू के साथ मिलकर 40 हजार रुपए में शशि साहू को गीता की हत्या के लिए सुपारी दी थी। शशि ने 7 फरवरी की रात गीता को उसके घर से ले जाकर थोड़ी दूरी पर स्थित सरसो के खेत में गोली मारकर हत्या कर दी थी। गीता देवी की मौत को सुनिश्चित करने के लिए शशि ने उसके शरीर पर चाकू से वार किया था।

एसआईटी का किया गया था गठन

घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी ऋषभ कुमार झा के निर्देश पर बेड़ो डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी व कर्मी लगातार मामले की जांच कर रहे थे और घटना के कारणों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली थी कि अवैध संबंध के चक्कर में गीता देवी की हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने मिले साक्ष्य के आधार पर शशि कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में शशि साहू ने घटना में शामिल तीन अन्य लोगों के भी नाम बताएं, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।