Ranchi:पुलिसकर्मी के घर में चोरों ने किया हाथ साफ,बंद घर का ताला तोड़कर चोरी…

राँची।राजधानी राँची में इन दिनों चोरों के आतंक से आम आदमी तो परेशान है। वहीं इन चोरों ने पुलिस वालों की नाक में भी दम कर रखा है। जिससे समझा जा सकता है कि चोरों को किसी का खौफ नहीं है। शहर में जनता की सुरक्षा का जिम्मा जिनके कंधों पर है वे पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं है। ऐसा ही मामला राँची के न्यू पुलिस लाइन से सामने आया है। जहां पुलिस जवान के बंद घर पर ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घर से लाखों रुपए के सामान लेकर फरार हो गए।यह घटना रविवार की है। इसकी जानकारी परिजनों को दूसरे दिन हुई जब आरक्षी गुड्डू कुमार के पुत्र अपने घर पहुंचा। जहां उसने देखा घर में लगा ताला टूटा है। वहीं अंदर जाने पर पाया कि अलमारी में रखा समान पूरी तरह से बिखरा पड़ा है। छुट्टी पर घर गए आरक्षी गुड्डू कुमार ने बताया कि वह 10 दिन की छुट्टी में गांव गया था। इस दौरान पुलिस लाइन के घर में उनका पुत्र था। शनिवार को आरक्षी का पुत्र अपने दोस्त के घर ही सो गया। जब अगले दिन अपने घर आया तो देखा कि चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। घटना की जानकारी उसने तुरंत अपने पिता गुड्डू कुमार को फोन कर दी। जानकारी मिलने के बाद आरक्षी गुड्डू कुमार घर पहुंचे तो पाया कि 27 हजार नगद और सोने के गहने सहित लैपटॉप गायब है। इसकी सूचना उन्होंने गोंदा थाना को दी है।