थाना प्रभारी ने रुकने को कहा तो अपराधियों ने गोली मार दी,स्थिति गंभीर,बड़ी साजिश की मिली थी जानकारी,कार्रवाई के लिए पहुंची थी पुलिस…..

पूर्णिया।बिहार के पूर्णिया में अपराधियों ने रविवार देर रात करीब 11 बजे मधुबनी टीओपी थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव को गोली मार दी। थानाध्यक्ष की कमर में गोली लगी है। घटना को दो पल्सर बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया और फरार हो गए।वहीं अपराधियों की गोली से जख्मी थानाध्यक्ष को आनन-फानन में मैक्स 7 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

इस घटना के सम्बंध में एसपी आमिर जावेद ने बताया है कि गोली चलाने वाले अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने निकले थे। इसी बीच अपराधियों ने फोर्ड कंपनी चौक के पास इस घटना को अंजाम दिया है।

इधर सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष मधुबनी टीओपी और अपर थानाध्यक्ष मरंगा को फोन पर गुप्त सूचना मिली थी। अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए फोर्ड कंपनी चौक पर इकट्ठा हुए हैं। दोनों पुलिस वाले अपनी निजी वाहन से पीछा कर रहे थे।इस दौरान फोर्ड कंपनी चौक पर थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव को पल्सर पर सवार दो लोग संदिग्ध लगे। उन्होंने दोनों को रुकने के लिए कहा। बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल निकालकर मधुबनी टीओपी थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव पर फायरिंग कर दी।

घटना के बाद थानाध्यक्ष को आनन-फानन में शहर के होप रोड स्थित मैक्स 7 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे आईसीयू में हैं। उनकी हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। वहीं अपराधियों की धड़पकड़ के लिए जिले के सारे बॉर्डर को सील कर दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।