राँची: ATS जवान के सूने घर में लाखों की चोरी, अयोध्या गए थे परिवार समेत, लौटने से पहले ही चोरों ने साफ कर दिया घर

राँची।राजधानी राँची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना जमुना नगर रोड संख्या-3 की है, जहां ATS में तैनात जवान कमलेश कुमार अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए हुए थे। घर कई दिनों से बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
आज शनिवार सुबह जब आसपास के लोगों की नजर कमलेश कुमार के घर पर पड़ी तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। दरवाजा खुला देख लोगों को चोरी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए हैं। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत परिवार के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जांच में जुटी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है। लगातार बंद घरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

