चेन स्नेचिंग गिरोह का खुलासा: शातिर बदमाश और ज्वेलर्स गिरफ्तार, 19 ग्राम सोना समेत चोरी की स्कूटी-बाइक बरामद

 

राँची।राँची पुलिस ने चेन स्नेचिंग करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चेन स्नेचर और चोरी के गहने खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 ग्राम गलाया हुआ सोना, एक चोरी की टीवीएस स्कूटी (JH03AN4087) और एक पैशन प्रो बाइक (JH01CE9582) बरामद की है।

डीएसपी मुख्यालय प्रथम ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम रेलवे ओवरब्रिज पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बाइक सवार सद्दाम अंसारी (पिता–इजहार अंसारी, निवासी बीआईटी मेसरा) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सद्दाम बाइक के कागजात नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि दो माह पहले पतरातु पार्क से बाइक चोरी की थी और उसी के जरिए शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं से चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम देता था। उसने यह भी बताया कि लूटे गए गहनों को मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार (पिता–भुनेश्वर स्वर्णकार) को बेचता था। आरोपी अब तक करीब चार लाख रुपये के जेवर बेच चुका है।सद्दाम की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक स्कूटी और ज्वेलर्स की दुकान से 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया। इसके बाद रमेश प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

चार थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार सद्दाम अंसारी के खिलाफ नामकुम, कांके, बरियातू और लालपुर थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह नामकुम स्टेशन के पास, कांके के अरसंडे, लालपुर के महिला कॉलेज क्षेत्र और बरियातू के हरीहर सिंह रोड स्थित मंदिर के समीप महिलाओं से चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

error: Content is protected !!