खाकी की आड़ में ठगी का खेल… वाहन नीलामी का झांसा देकर 39 लाख ऐंठने वाला जवान गिरफ्तार

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में जब्त वाहनों की सरकारी नीलामी का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में बेंगाबाद पुलिस ने झारखण्ड पुलिस के एक पुलिस जवान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर करीब 39 लाख 500 रुपये की ठगी का आरोप है। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

मधुपुर स्थित घर से दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है, जो झारखण्ड पुलिस में आरक्षी के पद पर कार्यरत था और जामताड़ा साइबर थाना में पदस्थापित था। बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और अनुसंधानकर्ता विजय मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने उसे मधुपुर थाना क्षेत्र के गड़िया स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बेंगाबाद थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सरकारी नीलामी का झांसा, एडवांस लेकर करता था ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को यह विश्वास दिलाता था कि विभिन्न थानों में जब्त वाहनों की सरकारी नीलामी कराई जा रही है। वह कम कीमत में बाइक और चारपहिया वाहन दिलाने का लालच देकर लोगों से अग्रिम राशि के रूप में मोटी रकम वसूलता था। पैसे लेने के बाद न तो वाहन उपलब्ध कराता था और न ही रकम लौटाता था।

एक शिकायत से खुला पूरा खेल
इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी महाराज यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने नीलामी के नाम पर उनसे और कई अन्य लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज
पुलिस का मानना है कि यह ठगी किसी एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता। प्रारंभिक जांच में एक संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उम्मीद है कि इस दौरान कई अन्य मामलों तथा संभावित सहयोगियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?
बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया,
“थाना में जब्त वाहनों की नीलामी के नाम पर ठगी करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा में आरक्षी के पद पर कार्यरत था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है।”

पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नीलामी, नौकरी, निवेश या अन्य किसी भी योजना के नाम पर किसी व्यक्ति के कहने पर बिना आधिकारिक सत्यापन के पैसे जमा न करें। यदि कोई इस प्रकार का प्रलोभन देता है तो तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें।

 

error: Content is protected !!