हजारीबाग: जंगल में सखुवा के पेड़ में गमछे से बने फंदे से लटकी मिली युवक की लाश,हत्या या आत्महत्या,छानबीन में जुटी है पुलिस

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग में पेलावल ओपी थाना क्षेत्र के छड़वा जंगल से शुक्रवार को सखुआ के पेड़ से बने फंदे से एक युवक की लटकी लाश बरामद की गई।बताया गया कि युवक गुरुवार की दोपहर से घर से लापता था।इधर परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। वहीं,घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।युवक की पहचान पेलावल ओपी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी संतोष महतो (30) के रूप में की गई। संतोष महतो की एक पांच साल की बेटी है। जबकि पत्नी गर्भवती है। संतोष मजदूरी कर परिवार का पालन करता था। सबसे पहले जंगल गए चरवाहों ने लाश को देखा और इसके बाद ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। पेड़ से लटका संतोष का शव जमीन से महज चार से छह इंच ऊपर था। साथ ही एक पैर पेड़ के तने के ऊपर टिका हुआ था।

इधर कुछ लोगों का कहना है कि 4 दिन पूर्व संतोष महतो और उसके पिता जागेश्वर महतो के बीच परिवारिक विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी।आशंका जताया जा रहा है तनाव की वजह से संतोष महतो ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली हो। इस बाबत थाना प्रभारी विकर्ण कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।