खतियान नहीं मिला तो भड़के अधिवक्ता, डोरंडा निबंधन कार्यालय में हंगामा,FIR दर्ज
–ऑनलाइन खतियान नहीं मिलने पर भड़के थे अधिवक्ता, अवर निबंधक के कक्ष में घुसकर हंगामा और पैसे मांगने का भी आरोप; सीसीटीवी में घटना कैद होने का दावा
राँची। राजधानी राँची के डोरंडा स्थित जिला निबंधन कार्यालय में एक अधिवक्ता द्वारा कथित तौर पर हंगामा करने, सरकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामला डोरंडा थाना में दर्ज किया गया है। प्राथमिकी अधिवक्ता शंकर कुमार दांगी के खिलाफ दर्ज हुई है। उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्यालय कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ऑनलाइन खतियान नहीं मिलने पर शुरू हुआ विवाद
कार्यालय से मिली लिखित शिकायत के अनुसार, 26 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे अधिवक्ता शंकर कुमार दांगी एक जमीन से संबंधित दस्तावेज के निबंधन के लिए जिला निबंधन कार्यालय पहुंचे थे। दस्तावेज के अवलोकन के दौरान पता चला कि संबंधित जमीन का ऑनलाइन खतियान उपलब्ध नहीं है। इस पर उन्हें बताया गया कि ऐसी स्थिति में संबंधित अंचल कार्यालय से पत्राचार किया जाएगा। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने के बाद ही निबंधन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।आरोप है कि इसी बात को लेकर अधिवक्ता नाराज हो गए और कार्यालय में हंगामा करने लगे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर देख लेने तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
अवर निबंधक के कक्ष में घुसकर पैसे मांगने का आरोप
अवर निबंधक की ओर से थाना प्रभारी को दी गई शिकायत में बताया गया है कि अधिवक्ता कुछ देर बाद दोबारा करीब 3:02 बजे अवर निबंधक के कक्ष में पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अनावश्यक रूप से पैसे की मांग की और कर्मचारियों पर दबाव बनाकर निबंधन कार्य पूरा करने को कहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिवक्ता ने कर्मचारियों को गाली-गलौज करते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान सरकारी कामकाज बाधित हुआ और कार्यालय में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सीसीटीवी में घटना कैद होने का दावा
अवर निबंधक की शिकायत में दावा किया गया है कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है। घटना के कारण कार्यालय का सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ और वहां मौजूद निबंधनार्थियों के बीच भी असहज स्थिति उत्पन्न हुई।शिकायतकर्ता ने कहा है कि सरकारी कार्यालय में इस तरह का व्यवहार कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करता है। कार्यालय में भय और दबाव का माहौल बनाकर सरकारी कार्य कराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
डोरंडा थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में कार्यालय की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर डोरंडा थाना कांड संख्या 260/2026, दिनांक 26.11.2026 दर्ज की गई है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(s) का भी उल्लेख है।कार्यालय की ओर से पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
अब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच पर नजर है। कार्यालय कर्मियों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी, ताकि सरकारी कार्यालयों में शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में कामकाज हो सके।

