गूंज महोत्सव 2023:राज्यपाल ने किया गूंज महोत्सव का उद्घाटन,कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़…

राँची।झारखण्ड के राँची जिले के सिल्ली स्टेडियम में आयोजित तीन दिनी गूंज महोत्सव का सोमवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, गूंज संरक्षक सुदेश कुमार महतो और अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। इससे पूर्व स्टेडियम परिसर में स्थित झारखण्ड आंदोलन के प्रणेता स्व.विनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्टेडियम परिसर स्थित मंच पर सुदेश महतो ने राज्यपाल समेत सभी अतिथियों को शॉल, मोमेंटो और गुलदस्ता देकर स्वागत किया। महिलाओं को समर्पित महोत्सव के पहले दिन स्टेडियम में हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंची थी।

समारोह में राज्यपाल ने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं। नारियां हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया है इसलिए हमें उनके विकास की बात सोचनी चाहिए। प्रदेश के सभी 24 जिलों के विभिन्न गांवों में भ्रमण के दौरान देखा कि किस प्रकार सहायता समूहों से जुड़कर अच्छा काम कर रही है।कहा कि गूंज महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और प्रगति की धड़कन है। गूंज एक महोत्सव ही नहीं सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। इस आयोजन के लिए गूंज परिवार के संरक्षक सुदेश कुमार महतो की सराहना की।राज्यपाल छऊ नृत्य कलाकारों और स्कूली छात्राओं का सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर भाव विभोर हुए। उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है कि गूंज ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है। यह इस क्षेत्र के लिए गौरव का आयोजन है।

वहीं आजसू अध्यक्ष ने कहा कि गूंज महोत्सव का आयोजन हमारे लिए एक दायित्व है। इस दायित्व बोध को समझते हुए गूंज से जुड़े 70 हजार परिवारों की चर्चा जरूरी है जो हमारी ताकत और क्षमता को ऊर्जा प्रदान करते हैं।उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की जड़ें गहरी हैं। मंच पर क्षेत्र ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, रसोइया, क्षेत्रीय लेखा कलाकार एवं खिलाड़ियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

पद्मश्री मधु मंसूरी, मुकुंद नायक, चामी मुर्मू, जमुना टुडू, छुटनी देवी, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी, गोमिया विधायक लंबोदर महतं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहित पूर्व मंत्री उमाकांत रजक,झारखण्ड तीरंदाजी संघ की उपाध्यक्ष नेहा महतो,अमेरिका में सेवा दे रहे डॉ अविनाश गुप्ता और डॉ गीता गुप्ता,आजसू पार्टी के नेता अमित कुमार, डॉ देवशरण भगत, संजय बसु,अंजलि बसु मलिक, डीएसपीएमयू के वीसी तपन कुमार शांडिल्य, राँची यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ अजीत कुमार सिन्हा, सेवानिवृत्त आईएएस डोमन सिंह मुंडा, पूर्व वीसी डॉ ईयूसी मेहता, जेइयूटी के वीसी डॉ डीके सिंह, वाईबीएन यूनिवर्सिटी के निदेशक रामजी यादव, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ गोपाल पाठक, राँची यूनिवर्सिटी के पूर्व रजिस्ट्रार डॉ एमसी मेहता आदि मौजूद थे।