56 लाख का कूपन घोटाला: कंपनी के ही मैनेजर निकले मास्टरमाइंड, केस दर्ज

–जाली कूपन छापकर बाजार में खपाए, डिस्ट्रीब्यूटरों से 15-20 लाख की अलग ठगी

राँची। राजधानी राँची में पान मसाला कंपनी के कूपन के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें कंपनी के ही दो मैनेजरों पर जाली कूपन के जरिए करीब 56 लाख रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगा है। इस संबंध में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिकायतकर्ता काली चरण सिंघानिया, प्रोपराइटर ए.बी. इंटरप्राइजेज, अपर बाजार राँची ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनकी फर्म तेज राम धरम पाल, दिल्ली की अधिकृत डीलर है। आवेदन के अनुसार धनबाद के डिस्ट्रीब्यूटर सचिन ने मोबाइल के माध्यम से सूचना दी कि लोकेश शर्मा और दिव्यांशु शर्मा द्वारा दिया गया कूपन डुप्लीकेट प्रतीत हो रहा है। कंपनी से सत्यापन कराने पर कूपन जाली पाया गया। इसके बाद मामले की पड़ताल में सामने आया कि कंपनी में कार्यरत क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक लोकेश शर्मा और एरिया सेल्स मैनेजर दिव्यांशु शर्मा ने बाहरी व्यक्तियों नवरत्न बहेटी उर्फ राजेश (जयपुर) और शरद कुमार (जोधपुर) के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा था।

जाली कूपन दिया जा रहा था डिस्ट्रीब्यूटरों को

आरोप है कि बाहरी आरोपियों द्वारा कूटरचना कर जाली कूपन छापे जाते थे, जिन्हें लोकेश शर्मा और दिव्यांशु शर्मा बाजार में असली बताकर विभिन्न डिस्ट्रीब्यूटरों को उपलब्ध कराते थे। इस पूरे फर्जीवाड़े से कंपनी को लगभग 56 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही कंपनी के नाम पर कूपन लेकर अलग-अलग डिस्ट्रीब्यूटरों से 15 से 20 लाख रुपये की अतिरिक्त ठगी भी किए जाने का आरोप है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि लोकेश शर्मा लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित एक अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहकर इस नेटवर्क का संचालन करता था, जहां से पूरे खेल को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ चोरी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!