पानी की तलाश में गांवों में पहुँचा हिरण का झुंड…कुत्तों ने एक को मार दिया…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह जंगल से भटक कर हिरणों का झुंड शहर की ओर पहुंच गया।इसी दौरान लावारिस कुत्तों ने एक हिरण को जख्मी कर दिया।जिससे उसकी मौत हो गयी।स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 12 की संख्या में हिरण का झुंड हाई स्कूल के मैदान में पहुंच गये।जिनमें एक हिरण झुंड से बिछुडकर सोनार मुहल्ला में पहुंच गया।जहां कुत्तों ने घेरकर हिरण को जख्मी कर दिया।जिससे उसकी मौत हो गयी। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी।घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम ने बचाव करते हुए हिरण को अपने साथ ले गयी।
प्रभारी वनपाल लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि जंगल से भटक कर आये हिरणों के झुंड में एक हिरण भटक गया था, जहां कुत्तों ने हमलाकर जख्मी कर दिया, जिसे उसकी मौत हो गयी। वन विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि फिलहाल हिरण का पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया की जा रही है। आसपास के इलाकों से स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हिरण की मौत की असली वजह का पता चल पायेगा।
गर्मी के दिनों में भोजन व पानी की तलाश में जानवर शहर की ओर पहुंच जाते है।उन्होंने बताया कि गर्मी को देखते हुए पूर्वी वन क्षेत्र में जानवरों के पानी पीने के लिए 15 नाले बनाये गये हैं।जिसमें जंगली जानवर व मवेशियों के पीने के लिए पानी की व्यवस्था की गयी है।गर्मी के दिनों में चारा की कमी होने की वजह से जानवर भटकते रहते हैं।वहीं आसपास के क्षेत्र में सभी डैम व चैक डैम में भी जानवरों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध है। ऐसा प्रतीत होता है कि महुअरी क्षेत्र के जंगल से भटक कर हिरणों का झुंड छतरपुर पहुंचा।
आसपास के इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नीलगाय, बंदर, लंगूर, हिरण आदि जानवर भोजन व पानी की तलाश में गांव की और आ जा रहे हैं।जानवरों के झुंड आने से इलाकों में लगी खेती का भी लगातार नुकसान हो रहा है।

