बेकाबू हुई मालगाड़ी,गेट तोड़कर स्कॉर्पियो को आधा किमी तक घसीटा,बेपटरी होने के कारण बड़ा हादसा टला…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। कोयला खाली कर चुकी एक मालगाड़ी अचानक बेकाबू होकर प्लांट से बाहर निकल गई।तेज रफ्तार में यह रैक भारी कोल गेट को तोड़ते हुए बाहर आई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बेकाबू मालगाड़ी ने ट्रैक के पास खड़ी स्कॉर्पियो (JH01FT 3824) को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान स्कॉर्पियो के चालक सह मालिक कथारा निवासी अमरदीप ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के पीछे रेलवे और रैक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे कोयला लदा रैक प्लांट में दाखिल हुआ था और 7 बजे तक खाली कर लिया गया। नियम के मुताबिक रैक को इंजन आगे रखकर निकाला जाना चाहिए, लेकिन इसे रिवर्स में बाहर लाया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि पीछे न गार्ड की बोगी थी और न ही कोई सिग्नल, जिससे यह हादसा हुआ।रफ्तार इतनी तेज थी कि गेट तोड़ने के बाद करीब आधा किलोमीटर मीटर दूर जाकर रैक का पिछला हिस्सा बेपटरी हो गया, तब जाकर गाड़ी रुकी। गनीमत रही कि उसी समय गोमो-चोपन पैसेंजर के कारण मेन लाइन का गेट बंद था, नहीं तो बड़ा ट्रेन हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।सीआईएसएफ निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून, थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव और स्टेशन मैनेजर शैलेश कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। रैक चालक अरुण कुमार की भूमिका और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

