झारखण्ड से जुड़ा मध्यप्रदेश बैंक डकैती का तार: आईफोन की खरीदारी बनी पुलिस के लिए सुराग,एसपी के नेतृत्व में गढ़वा पहुँचीं पुलिस..
गढ़वा। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न में हुई सनसनीखेज बैंक डकैती के मामले में जांच की आंच अब झारखण्ड के गढ़वा जिले तक पहुंच गई है। रीवा अभियान एसपी विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम शनिवार को गढ़वा पहुंची।टीम ने शहर के मेन रोड स्थित ‘वर्ल्ड मोबाइल सेंटर’ में घंटों तक सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बैंक लूट की घटना को अंजाम देने के बाद एक अपराधी ने इसी शोरूम से कीमती आईफोन खरीदा था।
सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई इस बड़ी लूट के बाद पुलिस अपराधियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि लूटी गई रकम का उपयोग गढ़वा में मोबाइल खरीदने के लिए किया गया है।पुलिस ने शोरूम के सेल रिकॉर्ड्स और भुगतान के तरीकों की बारीकी से जांच की है।अधिकारियों का मानना है कि अपराधी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की होगी, लेकिन मोबाइल की खरीद से जुड़े विवरण अब पुलिस के लिए अहम कड़ी बन गए हैं।
रीवा पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम अब बैंक में लगे कैमरों के फुटेज और शोरूम के फुटेज का मिलान कर रही है ताकि अपराधियों के हुलिए की पुष्टि की जा सके। एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि उन्हें कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो सीधे तौर पर अपराधियों के भागने के रास्ते और उनके ठिकानों की ओर इशारा कर रहे हैं।
10 किलो सोना और 20 लाख की महालूट
ज्ञात हो कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने सिंगरौली के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में धावा बोला था। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 10 किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए थे।इस घटना ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, झारखण्ड और मध्य प्रदेश की पुलिस आपसी तालमेल के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

