Ranchi:जमीन विवाद में महिला की हत्या करने वाला गिरफ्तार..
राँची।जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में मोचोकनी देवी हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड को जमीन विवाद की वजह से अंजाम दिया गया था। पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 17 अप्रैल को राँची के तमाड़ में एक महिला का शव मिला था।महिला की निर्ममता के साथ धारदार हथियार से हत्या की गई थी।बाद में शव की पहचान तमाड़ के उदय टोला की रहने वाली महिला मोचोकनी देवी के रूप में हुई थी।राँची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि तमाड़ थाना अंतर्गत ग्राम बेलबेड़ा उदय टोला में एक महिला की हत्या कर दी गई थी।
तमाड़ थाना पुलिस ने सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक जांच को लेकर घटनास्थल ग्राम बेलबेड़ा उदय टोला पहुंची थी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि जमीन को लेकर ही पड़ोस के कुछ लोगों से महिला का विवाद था और हमेशा लड़ाई झगड़े होते रहते थे।जांच में यह बात सामने आई है कि लड़ाई के कारण ही गुस्से में आकर अभियुक्त सुण्डी मुंडा उर्फ काटे द्वारा महिला मोचोकनी देवी की लोहे के दाउली से गला काटकर हत्या कर दी गई थी।कांड अनुसंधान करने के दौरान उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दाउली को विधिवत बरामद कर लिया गया है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि महिला के परिवार से हत्या के आरोपी का बहुत पुराना विवाद था। इस वजह से दोनों पक्षों में अक्सर मारपीट हुआ करती थी। आखिरकार इसी वजह से महिला की हत्या कर दी गई। महिला के पति बुड़का मुंडा के लिखित आवेदन के आधार पर उक्त अभियुक्त के खिलाफ तमाड़ थाना कांड सं0 22/2026, 17.4.2026, धारा 103(1) BNS दर्ज किया गया है। आरोपी सुण्डी मुंडा उर्फ काटे, उम्र 45 वर्ष, ग्राम बेलबेड़ा, तमाड़ थाना को जेल भेजा गया।

