खरीदने आया लॉकेट, ले उड़ा 12 लाख का सोना…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त कोर्ट रोड पर रविवार दोपहर को एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के दो पैकेट चोरी हो गए।चोर ने दुकानदार की आंखों के सामने ही हाथ साफ कर लिया और मौके से फरार हो गया।हालांकि, चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।दुकानदार महेश कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर को एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा और सोने का लॉकेट दिखाने की मांग की।महेश लॉकेट दिखाने में व्यस्त हो गए। इसी दौरान आरोपी ने दुकान के डब्बे में हाथ डालकर 50-50 ग्राम वजन वाले दो सोने के पैकेट चुरा लिए। जैसे ही महेश की नजर इस हरकत पर पड़ी, उन्होंने चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चोर भागने में सफल रहा।महेश कुमार ने बताया कि दुकान पर वह अकेले थे, इसलिए चोर का पीछा नहीं कर सके। दोनों पैकेट की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई गई है।घटना की जानकारी मिलते ही महेश कुमार ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने चोरी की पूरी घटना का ब्योरा दिया है। नगर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है।थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है।दुकानदार से सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर लिया गया है।पुलिस फुटेज में कैद चोर के चेहरे की पहचान के लिए शहर के अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

