नामकुम में ब्राउन शुगर गैंग का भंडाफोड़: 6 गिरफ्तार, भारी मात्रा में स्मैक और कैश ज़ब्त

राँची।राजधानी राँची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। नामकुम थाना क्षेत्र में संगठित गिरोह बनाकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे 6 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 7.47 ग्राम ब्राउन शुगर (26 पुड़िया), 6 स्मार्टफोन और 7,470 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। खबर मिली थी कि मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा के पीछे, अंजुमन इस्लामिया के एक अधनिर्मित (अधूरे) भवन में कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेच रहे हैं।सूचना मिलते ही एसपी (ग्रामीण) के निर्देशन और डीएसपी (मु०) प्रथम के नेतृत्व में नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह व पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।
पुलिस की गिरफ्त में आए सभी 6 आरोपी रांची जिले के ही रहने वाले हैं:
मो० अरबाज़ अंसारी (25 वर्ष) – मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम
अली खान (24 वर्ष) – मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम
मो० अरबाज़ (29 वर्ष) – मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम
मो० फैज़ान रज़ा उर्फ सोनू (23 वर्ष) – मूल पता: इस्लाम नगर, वर्तमान: मौलाना आजाद कॉलोनी
मो० सोयब खान (28 वर्ष) – मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम
सिराजुद्दीन अंसारी (28 वर्ष) – गौस नगर गढ़हाटोली, थाना सदर
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ये सभी एक संगठित गिरोह बनाकर ज़्यादा मुनाफे की लालच में यह धंधा चला रहे थे।इन्होंने कुल 12 ग्राम (40 पुड़िया) ब्राउन शुगर खरीदी थी।इसमें से 14 पुड़िया वे पहले ही नशेड़ियों को बेच चुके थे।बरामद ₹7,470 रुपये उसी बिक्री से कमाए गए थे।
पुलिस ने ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वाले मुख्य आपूर्तिकर्ता (सप्लायर) को चिन्हित कर लिया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, पकड़े गए सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) की भी जांच की जा रही है।

