गिरिडीह में बेखौफ बदमाशों का तांडव, मछली कारोबारी से पिस्टल के बल पर ढाई लाख रुपये लूटे

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के समीप हथियारबंद बदमाशों ने एक मछली कारोबारी को निशाना बनाते हुए करीब 2.50 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कारोबारी आफताब रैन, जो बोडो गांव के निवासी हैं, मछली मंडी से कारोबार का काम निपटाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल के बल पर उन्हें धमकाया, बाइक की चाबी छीन ली और डिक्की में रखे करीब ढाई लाख रुपये लेकर पचंबा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

