24 घंटे में खुली जमीन कारोबारी की हत्या की गुत्थी, दोस्तों ने ही रची थी साजिश

 

राँची।राजधानी के सदर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की हत्या का मामला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हत्या किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि रमेश ठाकुर के करीबी दोस्तों ने मिलकर की थी।पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है, जबकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।

गौरतलब है कि बुधवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित रमेश ठाकुर के आवास से उनका खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के करीबी लोगों और दोस्तों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान चार दोस्तों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से तीन ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस को घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत भी मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद और लेन-देन को प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सके।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

 

error: Content is protected !!