भाभी से कथित अवैध संबंध का विरोध पड़ा भारी, विवाहिता को जहर देने का आरोप,पति सहित चार पर केस दर्ज..

 

राँची।जिले के रातू थाना क्षेत्र के हिसरी बाजपुर में एक विवाहिता को कथित तौर पर जहर देकर मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने दहेज की मांग और पति के कथित अवैध संबंध का विरोध करने पर यह घटना होने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में महिला का रिंची अस्पताल में इलाज चल रहा है।पीड़िता के भाई निताई कोइरी ने मंगलवार को रातू थाना में लिखित शिकायत देकर पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, कांके रोड निवासी 25 वर्षीय माधुरी कुमारी की शादी 4 दिसंबर 2024 को हिसरी बाजपुर निवासी विकास महतो से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में सोना-चांदी के गहने, फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन सहित लगभग 20 लाख रुपये का सामान दिया गया था।

आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद माधुरी को पति के अपनी भाभी से कथित अवैध संबंध की जानकारी मिली। इसका विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद स्कूटी और जेसीबी खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है।

परिजनों के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह विकास महतो ने फोन कर उन्हें रिंची अस्पताल बुलाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि माधुरी के पेट में जहर पहुंचा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शिकायत में पति विकास महतो, सास चंद्रिका देवी, जेठानी लीला देवी और जेठ प्रकाश महतो को नामजद किया गया है। पीड़ित पक्ष ने दहेज प्रताड़ना, जहर देकर हत्या की कोशिश और अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं।फिलहाल रातू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई पुलिस जांच और चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!