बेकाबू रफ्तार का कहर: लातेहार में घर में घुसी स्कॉर्पियो, चालक और महिला समेत दो की मौत, कई घायल

लातेहार।बुधवार की देर शाम लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित दामोदर गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बालूमाथ से चंदवा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में चालक और घर के बाहर मौजूद एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वालों में घर के बाहर मौजूद राखी देवी और स्कॉर्पियो चालक अरविंद कुमार शामिल हैं।
वहीं, हादसे में कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। घायलों में शामिल हैं:
- ललिता देवी
- रेनू देवी
- खुशबू
- सूरज
- बिट्टू
- दो अन्य अज्ञात लोग
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी बालूमाथ से चंदवा की ओर काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। दामोदर गांव के समीप पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया। बेकाबू स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसी।इसकी चपेट में न केवल घर के बाहर मौजूद लोग आ गए, बल्कि स्कॉर्पियो में सवार सवारियां भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, रिम्स किए गए रेफर
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत कम्युनिटी हेल्थ सेंटर चंदवा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स राँची रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। मामले पर बात करते हुए थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दो लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है।

