सिमडेगा में जमीनी विवाद का खूनी अंजाम: 5-7 हमलावरों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति की ली जान, 4 हिरासत में

सिमडेगा। झारखण्ड के सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालेमुंडा गांव में शनिवार को जमीन के एक टुकड़े को लेकर उठा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी के बीच धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने भुवनेश्वर महतो नामक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी।

खेत जोतने से शुरू हुआ विवाद

​प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना की जड़ खेत जोतने को लेकर हुआ विवाद है। शनिवार को मृतक भुवनेश्वर महतो के कुछ रिश्तेदार विवादित खेत में हल चला रहे थे। इस बात का भुवनेश्वर के पिता ने कड़ा विरोध किया। विरोध की इसी बात से भड़के विपक्षी गुट के लोग आपा खो बैठे।

घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला

​आरोप है कि आक्रोशित होकर 5 से 7 लोग तलवार, चाकू और अन्य घातक हथियारों से लैस होकर सीधे भुवनेश्वर महतो के घर आ धमके। हमलावरों ने भुवनेश्वर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे ने भागकर बचाई जान

​हमलावरों ने भुवनेश्वर के बेटे को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन उसने समझदारी दिखाते हुए मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। कुछ समय बाद जब बेटा वापस घर लौटा, तो उसने अपने पिता का लहूलुहान शव आंगन में पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

​सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बेटे के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध चार लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!