हजारीबाग: मत्स्य विभाग कैंपस में मिला एक व्यक्ति का लहूलुहान शव, इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

​हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग शहर स्थित मत्स्य विभाग के कार्यालय परिसर से एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद किया गया है। सुबह-सुबह सरकारी कार्यालय परिसर में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​घटना की जानकारी सबसे पहले मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार को हुई। सुबह जब वे मत्स्य विभाग कैंपस के पास से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर लहूलुहान हालत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए तुरंत स्थानीय पुलिस को इस खौफनाक मंजर की सूचना दी।​सूचना मिलते ही  पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

​फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों, दुकानदारों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शनाख्त की जा सके। पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

​शव की हालत को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी  कैमरों की फुटेज खंगालने की योजना बना रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

error: Content is protected !!